छत्तीसगढ़ के दक्षिण बस्तर क्षेत्र में भारी बारिश और बाढ़ के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुकमा पहुंचे. उन्होंने जिले के बाढ़ और जलभराव से प्रभावित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया.
मुख्यमंत्री ने राहत शिविरों में प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों में रह रहे लोगों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयों और स्वास्थ्य सुविधाओं की निर्बाध व्यवस्था की जाए.
साय ने कहा कि बाढ़ प्रभावित दूरस्थ और संवेदनशील इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए बचाव दल लगातार अलर्ट रहें. उन्होंने राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने जलभराव से हुए नुकसान का त्वरित सर्वे कराने और प्रभावित परिवारों को मिलने वाली सरकारी सहायता की प्रक्रिया में तेजी लाने को भी कहा.
