छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों ने जगरगुंडा थाना क्षेत्र के कोंडापल्ली इलाके से दो IED बरामद किए हैं. दोनों विस्फोटकों का वजन करीब 5-5 किलोग्राम बताया गया है. बम निरोधक दस्ते (BD टीम) ने इन्हें नियंत्रित तरीके से मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया.

जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को सुबह करीब 9 बजे गोलकोंडा कैंप की सी/228 कंपनी के जवान कोंडापल्ली और आसपास के जंगलों में एरिया डोमिनेशन अभियान पर निकले थे. अभियान का नेतृत्व द्वितीय कमान अधिकारी और वर्तमान कमांडेंट बिपिन कुमार सिंह कर रहे थे.

बताया गया है कि इलाके में पहले भी IED छिपाए जाने की सूचना मिली थी और इस आधार पर कई बार तलाशी अभियान चलाए गए थे. बुधवार को मिली खुफिया सूचना में कैंप से करीब 2 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में विस्फोटक छिपे होने का संकेत मिला. इसके बाद जवान मुख्य ऑपरेशन रूट से करीब 600 से 700 मीटर दूर संदिग्ध स्थान पर पहुंचे.

BD टीम और K9 स्क्वॉड ने की तलाशी

संदिग्ध क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा इंतजाम किए गए. इसके बाद BD टीम और K9 डॉग स्क्वॉड की मदद से व्यवस्थित तलाशी ली गई. इस दौरान दो अलग-अलग स्थानों से करीब 5-5 किलोग्राम के IED मिले. दोनों का कुल वजन लगभग 10 किलोग्राम था.

IED बरामद होने के बाद आसपास का क्षेत्र सुरक्षित किया गया. दोपहर करीब 3 बजे से 3:30 बजे के बीच BD टीम ने मानक संचालन प्रक्रिया और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत दोनों विस्फोटकों को निष्क्रिय कर नष्ट किया. कार्रवाई के बाद इलाके की दोबारा जांच की गई और कंपनी के जवान सुरक्षित कैंप लौट आए. मामले में आवश्यक कानूनी और दस्तावेजी कार्रवाई की जा रही है.