सुकमा जिले में मितानिन के 132 पद रिक्त हैं. बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मितानिन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान यह जानकारी सामने आई. कलेक्टर अमित कुमार ने इन पदों पर भर्ती के लिए लंबित प्रस्ताव जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए. उन्होंने जगरगुंडा और चिंतलनार क्षेत्र में नए पदों के प्रस्ताव पर भी कार्रवाई करने को कहा.
मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर जोर
समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. उन्होंने एएनसी पंजीयन बढ़ाने और संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया. सभी मितानिनों को 10 सितंबर को अपने संबंधित उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं की जानकारी एएनएम को देने के लिए कहा गया.
होम डिलीवरी के हर मामले की वजह दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए. प्रसव के लिए 102 एंबुलेंस सेवा का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि जरूरतमंद महिलाओं को स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाया जा सके.
बुखार के हर मरीज की मलेरिया जांच
जिले में बढ़ रहे मलेरिया संक्रमण को देखते हुए कलेक्टर ने बुखार के प्रत्येक मरीज की जांच कराने के निर्देश दिए. पॉजिटिव मरीजों को उपचार देने, जरूरत पड़ने पर उन्हें रेफर करने और दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया.
