छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के एक हथियार डंप का पता लगाकर बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है. कार्रवाई किस्टाराम थाना क्षेत्र के पालाचलमा गांव के पहाड़ी और घने जंगलों में की गई.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हाल में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों से हथियारों के छिपाए जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद 12 अक्टूबर को जिला पुलिस बल, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने इलाके में विशेष तलाशी अभियान शुरू किया.

तलाशी के दौरान जवानों को पत्थरों और जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया डंप मिला. बरामद सामग्री में दो .303 रायफल, चार बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL), तीन 12 बोर रायफल, एक सिंगल शॉट हथियार, दो भरमार बंदूक और एक देशी कट्टा शामिल है. कुल 13 हथियार जब्त किए गए हैं.

सुरक्षा बलों को INSAS मैगजीन के साथ 26 जिंदा राउंड और 12 बोर के 20 जिंदा कारतूस भी मिले. इसके अलावा 208 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, एक तीर बम, दो BGL सेल, मैगजीन पाउच, एक वायरलेस सेट और दो चार्जर बरामद किए गए.

अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामग्री का इस्तेमाल माओवादी किसी बड़ी हिंसक वारदात या सुरक्षा बलों पर हमले के लिए कर सकते थे. तलाशी अभियान में समय रहते डंप मिलने से इस सामग्री को जब्त कर लिया गया.

सुकमा सहित बस्तर संभाग के कई दुर्गम इलाकों में सुरक्षा बलों के नक्सल विरोधी अभियान जारी हैं. हाल के अभियानों में सुकमा, बीजापुर, कांकेर, नारायणपुर और दंतेवाड़ा के सीमावर्ती क्षेत्रों से हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है.