छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री का डम्प बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई किस्टाराम थाना क्षेत्र के पालाचलमा गांव के पहाड़ी-जंगल इलाके में की गई.
आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर जिला बल, DRG और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने 12 अक्टूबर को एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया था. तलाशी के दौरान टीम को जंगल में पहले से छिपाकर रखा गया डम्प मिला. बरामद सामग्री को सुरक्षा के साथ कब्जे में ले लिया गया है.
बरामद हथियार और गोला-बारूद
पुलिस के मुताबिक, डम्प से कुल 13 हथियार मिले हैं. इनमें दो .303 रायफल, एक सिंगल शॉट हथियार, चार BGL लॉन्चर, तीन बारह बोर रायफल, दो भरमार और एक देशी कट्टा शामिल हैं. मौके से विभिन्न हथियारों के खाली खोखे भी बरामद किए गए.
हथियारों के अलावा INSAS मैगजीन के 26 जिंदा राउंड और बारह बोर के 20 जिंदा राउंड मिले हैं. इस तरह कुल 46 जिंदा कारतूस बरामद हुए. टीम को 208 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, एक तीर बम और दो BGL सेल भी मिले.
तलाशी के दौरान एक वायरलेस सेट, दो चार्जर और एक मैगजीन पाउच भी बरामद किया गया. पुलिस ने जब्त सामग्री के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. सुकमा पुलिस के अनुसार, दुर्गम जंगलों में छिपे हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री की तलाश के लिए नक्सल विरोधी सर्चिंग अभियान जारी रहेंगे.
