छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुलिस ने गुम और चोरी हुए 75 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिया. पुलिस के मुताबिक, इन मोबाइलों की अनुमानित कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये है. फोन छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से भी बरामद किए गए.
CEIR पोर्टल से ट्रेस किए मोबाइल
गुम और चोरी हुए मोबाइलों की तलाश के लिए पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देश पर साइबर सेल की विशेष टीम बनाई गई थी. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में टीम ने कार्रवाई शुरू की.
उप पुलिस अधीक्षक सौरभ उईके की निगरानी और साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सचिन सिंह के नेतृत्व में टीम ने मोबाइल नंबर और IMEI नंबर को CEIR पोर्टल के जरिए ट्रेस किया. इसके बाद अलग-अलग स्थानों से मोबाइलों की जानकारी जुटाकर उन्हें बरामद किया गया.
पुलिस कार्यालय में मालिकों को सौंपे फोन
बरामद मोबाइल गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए. कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे. लंबे समय बाद मोबाइल वापस मिलने पर मालिकों ने पुलिस और साइबर सेल के प्रति आभार जताया.
इस कार्रवाई में साइबर सेल के सहायक नोडल सौरभ उईके, निरीक्षक सचिन सिंह, प्रधान आरक्षक महेन्द्र बहादुर कंवर तथा आरक्षक नेमपाल दिवाकर, मीना गाबड़े, रुखमणी यादव, लीलाराम पटेल, सुरेश पोडियम और भवानी पोडियम का योगदान बताया गया. पुलिस के अनुसार, गुम और चोरी हुए मोबाइलों को ट्रेस कर मालिकों तक पहुंचाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
