छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के पूवर्ती गांव में इस बार पहली बार बड़े स्तर पर दीपावली का आयोजन किया गया. कभी माओवादी प्रभाव वाले इस गांव में पुलिस, ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों और आत्मसमर्पित नक्सलियों ने एक साथ दीपोत्सव मनाया. शाम को गांव की गलियां और मुख्य चौराहा दीपों की रोशनी से जगमगा उठे.

यह कार्यक्रम सुकमा पुलिस की सामुदायिक पहल ‘निवा दुवड़ ते’ के तहत ‘दिवाली आपके आंगन’ नाम से आयोजित किया गया. आयोजन का उद्देश्य ग्रामीणों को त्योहार की खुशियों से जोड़ना और क्षेत्र में सुरक्षा, शांति तथा सामान्य जीवन के प्रति भरोसा मजबूत करना था.

कार्यक्रम के दौरान पुलिस की ओर से महिलाओं को साड़ियां और पुरुषों को पारंपरिक लुंगी वितरित की गई. बच्चों को मिठाई के पैकेट दिए गए और उनके मनोरंजन के लिए मिकी माउस झूले की व्यवस्था की गई. शाम को गांव के मुख्य चौराहे पर आतिशबाजी भी हुई.

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से किया संवाद

कार्यक्रम में जगरगुंडा के एसडीओपी प्रभात पटेल और थाना प्रभारी परशुराम पैकरा मौजूद रहे. आयोजन पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में हुआ. अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर क्षेत्र में सुरक्षा, शांति और विकास से जुड़ी गतिविधियां जारी रखने का भरोसा दिलाया.

पूवर्ती में आयोजित यह दीपोत्सव गांव के बदलते माहौल का संकेत भी माना गया. जहां पहले भय और बंदूक के प्रभाव की चर्चा होती थी, वहीं इस आयोजन में बच्चों की मौजूदगी, आतिशबाजी और सामूहिक भागीदारी दिखाई दी.