छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के दूरस्थ और दुर्गम इलाकों में सड़क हादसे के घायलों को समय पर इलाज दिलाने के लिए शुरू किया गया व्हाट्सऐप आधारित रैपिड रिस्पॉन्स ग्रुप मददगार साबित हो रहा है. इस व्यवस्था में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के अधिकारी एक मंच पर जुड़े हैं.
29 जुलाई 2026 को शुरू हुई इस पहल के शुरुआती तीन महीनों में 76 दुर्घटना पीड़ितों का पंजीयन किया गया. इनमें 50 मामलों को तत्काल स्वीकृति मिली, जबकि 19 घायल कैशलेस उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं.
ऐसे आगे बढ़ती है प्रक्रिया
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रुप के जरिए मामले का सत्यापन और उपचार संबंधी कार्रवाई साथ-साथ शुरू की जाती है. पीड़ित का PM-RAHAT पोर्टल पर पंजीयन, पुलिस सत्यापन और आयुष्मान भारत के तहत निशुल्क उपचार पैकेज ब्लॉक करने की प्रक्रिया पूरी की जाती है. प्रशासन के अनुसार, पूरी प्रक्रिया अधिकतम 24 घंटे में पूरी करने का प्रयास रहता है.
इस मॉडल में किसी बड़े तकनीकी ढांचे के बजाय व्हाट्सऐप ग्रुप को समन्वय का माध्यम बनाया गया है. इससे कागजी प्रक्रिया में लगने वाला समय कम करने और घायल को आर्थिक परेशानी के बिना उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है.
व्यवस्था की निगरानी कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी करते हैं. स्वास्थ्य और तकनीकी टीम का समन्वय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भुवन विजय कुर्रे के नेतृत्व में किया जा रहा है.
