छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पिछले तीन दिनों से जारी बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर हैं. कोंटा क्षेत्र में शबरी नदी का जलस्तर बढ़ने से झापरा पुल के ऊपर पानी बह रहा है. इसके चलते पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया है. पानी भरने से एक दर्जन से ज्यादा पंचायतों का सुकमा जिला मुख्यालय से सीधा संपर्क टूट गया है. ओडिशा से आने-जाने वाला रास्ता भी प्रभावित हुआ है.
झापरा पुल पर पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिसकर्मी पुल के दोनों ओर निगरानी कर रहे हैं और लोगों से तेज बहाव के बीच पुल पार नहीं करने की अपील कर रहे हैं. प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई है.
कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित
एर्राबोर में शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर पानी आने से यातायात प्रभावित हुआ. सुकमा-दोरनापाल मार्ग पर मिसमा पुलिया के ऊपर भी रात में पानी ओवरफ्लो होने की सूचना है. पुलिस ने वाहन चालकों से जलस्तर सामान्य होने तक इस मार्ग पर यात्रा से बचने और तेज बहाव वाले स्थानों को पार नहीं करने को कहा है.
कोंटा में शुक्रवार रात शबरी नदी का जलस्तर 40.68 मीटर दर्ज किया गया. यहां चेतावनी स्तर 40.50 मीटर और खतरे का स्तर 42 मीटर है. जलस्तर बढ़ने के कारण नदी के आसपास और निचले इलाकों में जोखिम बढ़ गया है.
प्रशासन ने लोगों से निचले इलाकों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है. बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से ऐसे स्थानों पर न जाने की सलाह दी गई है. बारिश और जलभराव की आशंका के चलते जिले के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है. कलेक्टर अमित कुमार ने लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने को कहा है. कंट्रोल रूम सक्रिय कर संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है. आपात स्थिति में कोंटा SDM सुभाष शुक्ला से 9752806423 और तहसीलदार निधि प्रधान से 6263199166 पर संपर्क किया जा सकता है.
