सुकमा वन परिक्षेत्र में बाघ की मौजूदगी के संकेत मिलने के बाद वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है. मंगलवार को एक मवेशी के मारे जाने की सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पशु चिकित्सकों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया. मौके पर बाघ के पगमार्क मिलने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन बाघ की मौजूदगी की पुष्टि अभी नहीं हुई है.
कैमरा ट्रैप और टीमों की तैनाती
वन विभाग ने इलाके में कैमरा ट्रैप लगाए हैं और निगरानी के लिए टीमें तैनात की हैं. कोयाबेकुर, नीलावरम, फूलबगड़ी, केरलपाल पंचायत और आसपास के जंगलों में विशेष नजर रखी जा रही है. विभाग के अनुसार, गतिविधियों की निगरानी राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) की मानक संचालन प्रक्रिया के तहत की जा रही है.
ग्रामीणों के बीच मुनादी कराकर सावधानी बरतने की अपील की जा रही है. विभाग ने शाम 4 बजे के बाद जंगल में जाने से बचने को कहा है. जरूरी काम होने पर समूह में जाने और अकेले जंगल न जाने की सलाह दी गई है.
अगर किसी ग्रामीण को बाघ दिखाई दे तो उसके पास न जाएं, पीछा न करें और भीड़ न लगाएं. इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को देने को कहा गया है. विभाग ने अपुष्ट फोटो, वीडियो या जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करने की अपील की है.
मवेशी की मौत बाघ के हमले से होने की पुष्टि होने पर पात्र पशुपालक को सरकारी नियमों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा. वन विभाग ने बाघ को पकड़ने, भगाने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करने को कहा है.
