सुकमा जिले में तंबाकू की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर इसके सेवन के खिलाफ पुलिस व प्रशासन ने कार्रवाई की है. कोटपा एक्ट के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 197 मामले दर्ज किए गए और कई लोगों से जुर्माना वसूला गया.

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह और मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में की गई. थाना पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की टीम के साथ मिलकर विभिन्न इलाकों में जांच की.

थानावार आंकड़ों में कोंटा में सबसे अधिक 63 मामले दर्ज हुए. सुकमा में 51, छिंदगढ़ में 21, गादीरास में 19, तोंगपाल में 20, दोरनापाल में 20 और चिंतागुफा में तीन मामलों में कार्रवाई हुई.

स्कूल-कॉलेजों के आसपास भी जांच

सुकमा थाना क्षेत्र में स्कूल और कॉलेजों के आसपास दुकानों व ठेलों की जांच की गई. पुलिस के अनुसार, छह दुकानों और ठेलों से करीब 25 हजार रुपये के तंबाकू उत्पाद जब्त किए गए. सुकमा थाना क्षेत्र में दर्ज 51 मामलों में कुल 5,100 रुपये का जुर्माना वसूला गया.

पुलिस ने दुकानदारों से शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पाद नहीं बेचने और लोगों से सार्वजनिक जगहों पर तंबाकू का सेवन नहीं करने की अपील की. लोगों से कोटपा एक्ट के उल्लंघन की जानकारी पुलिस या प्रशासन को देने को भी कहा गया है.

पुलिस ने बच्चों और युवाओं को तंबाकू व अन्य नशीले पदार्थों से दूर रखने में समाज की भूमिका पर जोर दिया. कार्रवाई और जागरूकता अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है.