दुर्ग-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुपेला फ्लाईओवर में बुधवार दोपहर लोहे के भारी वायर बंडल से लदा ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलट गया. ट्रक रायपुर से सामान लेकर महाराष्ट्र जा रहा था. हादसे के बाद लोहे के बंडल सड़क पर फैल गए और फ्लाईओवर पर यातायात पूरी तरह रुक गया.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे ट्रक के चालक को नींद की झपकी आने से वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा. तेज रफ्तार ट्रक डिवाइडर से टकराया, जिससे उसका अगला टायर फट गया और वह सड़क के बीच पलट गया. हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं.

हादसे के समय ट्रक के आसपास कोई अन्य वाहन या राहगीर नहीं होने से बड़ी जनहानि टल गई. हालांकि, लोहे का माल सड़क पर बिखरने के कारण रायपुर से दुर्ग और नागपुर की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई. यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और एम्बुलेंस को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.

क्रेन से हटाया ट्रक और मलबा

सूचना मिलने पर ट्रैफिक एएसपी कौशलेंद्र पटेल और सुपेला थाना प्रभारी एसएन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फ्लाईओवर का यातायात रोककर वाहनों को सर्विस रोड से निकाला गया. पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटे ट्रक और लोहे के तारों को सड़क से हटवाया. अधिकारियों के अनुसार, करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हुआ और शाम करीब 5 बजे आवाजाही बहाल कर दी गई.

इसी दौरान कुम्हारी स्टेशन चौक ओवरब्रिज के पास एक तेल टैंकर पलटने से रायपुर-दुर्ग मार्ग पर भी जाम की स्थिति बनी. पुलिस ने रायपुर से दुर्ग आने वाले वाहन चालकों से कुम्हारी मार्ग के बजाय अमलेश्वर रोड का उपयोग करने की अपील की.