सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ के देवीलाल गोंड को 30 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है. हत्या के मामले में हाईकोर्ट से बरी होने के बाद भी देवीलाल सात साल तीन महीने और 29 दिन तक जेल में बंद रहे. अदालत ने पहले तय किए गए दो लाख रुपये के मुआवजे को अपर्याप्त माना और राज्य सरकार को बढ़ी हुई राशि चार सप्ताह के भीतर देने का निर्देश दिया.

न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह और न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा की पीठ ने इस मामले को केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि संस्थागत समन्वय की गंभीर विफलता बताया. अदालत के अनुसार, लंबे समय तक जेल में रहना संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन है.

फैसले के बाद भी जेल में रहे

देवीलाल गोंड को 7 दिसंबर 2012 को हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था. राजनांदगांव की सत्र अदालत ने 14 अगस्त 2013 को उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई. इसके खिलाफ अपील पर हाईकोर्ट ने 20 जनवरी 2018 को उनकी दोषसिद्धि और सजा रद्द करते हुए उन्हें बरी कर दिया. राज्य सरकार ने इस फैसले के खिलाफ अपील नहीं की थी.

इसके बावजूद हाईकोर्ट के फैसले की जानकारी केंद्रीय जेल प्रशासन तक नहीं पहुंची. जेल अधीक्षक ने 3 अप्रैल और 18 जून 2018 को संबंधित विधिक सहायता पैनल के अधिवक्ता से अपील की स्थिति पूछी, लेकिन उन्हें जवाब नहीं मिला. 15 मई 2025 को सजायाफ्ता कैदियों की अपीलों के रिकॉर्ड के नियमित सत्यापन के दौरान देवीलाल के बरी होने की जानकारी सामने आई. प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें 19 मई 2025 को रिहा किया गया.

मुआवजे के भुगतान की व्यवस्था

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक, पहले दिए गए दो लाख रुपये को 30 लाख रुपये की कुल राशि में समायोजित किया जाएगा. पांच लाख रुपये देवीलाल के बचत खाते में जमा किए जाएंगे, जबकि शेष 25 लाख रुपये ब्याज वाली फिक्स्ड डिपॉजिट में रखे जाएंगे. इसका मासिक ब्याज उनके बचत खाते में भेजा जाएगा. एफडी की मूल राशि समय से पहले निकालने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव की अनुमति आवश्यक होगी.

अदालत ने सभी हाईकोर्ट से फैसलों की सूचना जेल, जिला अदालत और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तक उसी दिन पहुंचाने वाली पारदर्शी व्यवस्था विकसित करने पर विचार करने को कहा है. साथ ही ऑनलाइन आपराधिक न्याय प्रणाली को मजबूत करने पर जोर दिया गया है.