छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक 7 लाख 66 हजार 134 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह जिले के पात्र लोगों का करीब 97 प्रतिशत है और इस उपलब्धि के साथ सूरजपुर प्रदेश में पहले स्थान पर है.

प्रशासन अब उन पात्र परिवारों तक पहुंचने पर ध्यान दे रहा है, जो किसी कारणवश अभी तक योजना से नहीं जुड़ पाए हैं. कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य, पंचायत तथा महिला एवं बाल विकास विभाग समेत अन्य विभागों के सहयोग से विशेष अभियान चलाया गया.

पिछले एक महीने में 19,318 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए. इसी अवधि में 2,519 वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदन आयुष्मान कार्ड भी तैयार हुए. जिले में अब तक 16 हजार से अधिक वय वंदन आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं.

सेवा संकल्प अभियान में शेष परिवारों पर फोकस

17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के दौरान प्रत्येक विकासखंड में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए अलग स्टॉल होंगे. पात्र लोगों को योजना की जानकारी देने, मौके पर कार्ड बनाने और तैयार कार्ड वितरित करने की व्यवस्था की जाएगी. स्वास्थ्य विभाग की टीमें योजना के तहत उपचार ले चुके हितग्राहियों के घर जाकर उनसे संवाद भी करेंगी.

एक अक्टूबर को वरिष्ठ नागरिकों का विशेष शिविर

वृद्धजन सेवा संकल्प अभियान के तहत 1 अक्टूबर को सूरजपुर के मंगल भवन में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा. यहां स्वास्थ्य परीक्षण के साथ पात्र लोगों के वय वंदन आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे. कार्ड बनवाने के लिए राशन कार्ड, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर लाना होगा. राशन कार्ड में संबंधित हितग्राही का नाम दर्ज होना आवश्यक है.

अभियान के दौरान पात्र एपीएल परिवारों के कार्ड भी बनाए जाएंगे. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पात्र एपीएल परिवारों को 50 हजार रुपये तक और पात्र बीपीएल परिवारों को 5 लाख रुपये तक की उपचार सुविधा योजना के तहत मिलती है.