सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बेलटिकरी में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बेटे को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, 50 वर्षीय रामकुमार सिंह गोंड़ पर उनके 23 वर्षीय बेटे बसंत सिंह ने टांगी से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई.
पुलिस ने बताया कि घटना बुधवार रात करीब नौ बजे की है. बसंत मजदूरी कर सूरजपुर से घर लौटा था. घर पर बहन नहीं मिलने पर उसने पिता से उसके बारे में पूछा. इसके बाद वह पड़ोस में पहुंचा, जहां बहन मिली.
पुलिस के मुताबिक, बहन ने बसंत को बताया कि तबीयत ठीक न होने और अगले दिन तीजा पर्व के पारण के कारण उसने खाना नहीं बनाया था. उसका आरोप था कि इस बात पर पिता ने गाली-गलौज की और मारने की धमकी दी, जिसके बाद वह पड़ोस चली गई.
विवाद के बाद हमले का आरोप
पुलिस के अनुसार, बहन से बातचीत के बाद बसंत घर लौटा और पिता से उसका विवाद हुआ. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उसने टांगी से कई वार किए. गंभीर चोटों के कारण रामकुमार सिंह गोंड़ की मौत हो गई.
पुलिस ने यह भी बताया कि रामकुमार करीब डेढ़ दशक पहले अपनी पत्नी और मां की हत्या के मामले में सजा काट चुके थे. सजा पूरी करने के बाद वह पिछले तीन-चार वर्षों से बेटे और बेटी के साथ गांव में रह रहे थे.
थाने पहुंचकर अनभिज्ञता जताने का दावा
घटना के बाद बसंत कोतवाली थाना पहुंचा और पिता की मौत की जानकारी नहीं होने की बात कही. सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम बेलटिकरी पहुंची. घर में खून से लथपथ शव मिलने के बाद साक्ष्य जुटाए गए.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बसंत ने हत्या करने की बात स्वीकार की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. उसके बताए स्थान से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल टांगी भी जब्त की गई है.
