छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी और पार्षद मुकेश गर्ग को लेकर विवाद सामने आया है. एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि 21 नवंबर की रात उसके घर का दरवाजा अंदर से बंद था और पुलिस के पहुंचने पर घर के भीतर गर्ग मिले. उसने कोतवाली थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.

शिकायतकर्ता राजेश सोनी के मुताबिक, वह रात करीब 10:30 बजे दुकान से घर लौटे थे. घर के भीतर से आवाजें आने पर उन्होंने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया. इसके बाद उन्होंने मोहल्ले के लोगों को बुलाया और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी. पुलिस के पहुंचने के बाद दरवाजा खुलवाया गया. सोनी ने अपनी पत्नी और गर्ग के बारे में आपत्तिजनक स्थिति में मिलने का आरोप लगाया है.

इस घटनाक्रम से जुड़े दो CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं. इनमें एक व्यक्ति मुंह ढककर घर की ओर जाता और दूसरे वीडियो में वहां से निकलता दिखाई दे रहा है. वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है.

महिला ने लगाए अलग आरोप

महिला ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में कहा है कि उसका पति और ससुराल पक्ष से कई वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा है. उसके अनुसार, इसी विवाद को सुलझाने के लिए उसने पार्षद को घर बुलाया था और गर्ग पहले भी समझौता कराने की कोशिश कर चुके थे.

महिला ने पति, सास और देवर पर प्रताड़ित करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. उसने यह भी कहा कि घर में घुसने के बाद उसके साथ बदसलूकी की गई और गर्ग का अधूरा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया. महिला ने FIR और सुरक्षा की मांग की है.

एडिशनल एसपी योगेश कुमार देवांगन ने बताया कि राजेश सोनी की शिकायत मिली है और पुलिस उसके आधार पर जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.