सूरजपुर जिले में बोर्ड परीक्षाओं से पहले स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था और निगरानी को लेकर जिला शिक्षा विभाग ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं. जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने कक्षा में अध्यापन के दौरान शिक्षकों के मोबाइल इस्तेमाल पर रोक लगाते हुए कहा कि औचक निरीक्षण में मोबाइल का उपयोग करते पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के साथ प्राचार्य की जवाबदेही भी तय होगी.
यह निर्देश शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, विश्रामपुर में आयोजित समीक्षा सह उन्मुखीकरण बैठक में दिए गए. बैठक में विकासखंड सूरजपुर के 34 हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य और गणित, अंग्रेजी, भौतिकी तथा रसायन शास्त्र के व्याख्याता शामिल हुए. बैठक का उद्देश्य विद्यार्थियों की विषयगत समझ मजबूत करना और आगामी बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम में सुधार करना था.
समीक्षा के दौरान पाठ्यक्रम की प्रगति, कक्षा अध्यापन और विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली गई. त्रैमासिक परीक्षा के मूल्यांकन के आधार पर कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए उपचारात्मक कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए. इन कक्षाओं में कठिन विषयों की बुनियादी अवधारणाएं स्पष्ट करने और विद्यार्थियों को अतिरिक्त अभ्यास कराने पर जोर दिया गया.
अधिकारियों ने गणित और अंग्रेजी में नियमित अभ्यास तथा भौतिकी और रसायन शास्त्र की पढ़ाई में प्रयोगशालाओं के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए. प्राचार्यों से निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूरा कराने को कहा गया, ताकि विद्यार्थियों को दोहराव और मॉडल प्रश्नपत्र हल करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके.
डीईओ ने नियमित और समयबद्ध उपस्थिति के साथ सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि कक्षा का समय विद्यार्थियों से संवाद, ब्लैकबोर्ड पर समझाने और विषय की गहन पढ़ाई के लिए इस्तेमाल होना चाहिए.
