सूरजपुर पुलिस ने साइबर ठगी की रकम के लेनदेन से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और IDBI Bank के खातों में कुल ₹98 हजार के ऑनलाइन साइबर फ्रॉड से जुड़े लेनदेन की पुष्टि हुई है. दोनों खातों को म्यूल अकाउंट के तौर पर इस्तेमाल किए जाने की बात जांच में सामने आई है.
पुलिस के मुताबिक, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के समन्वय पोर्टल पर मिली शिकायतों और पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ से प्राप्त जानकारी के आधार पर संदिग्ध खातों की जांच शुरू की गई थी. इसके बाद थाना सूरजपुर में दोनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर विवेचना की गई.
पहले मामले में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाताधारक विकास कुमार रवि (21), निवासी तिवरागुड़ी जूनापारा, थाना रामानुजनगर, को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, उसके खाते में ₹45 हजार के साइबर फ्रॉड से जुड़े लेनदेन मिले. पूछताछ में उसने बताया कि बैकुंठपुर निवासी एक व्यक्ति ने बैंक खाता खुलवाने के लिए उसे ₹1,500 दिए थे. खाता खुलने के बाद उसने पासबुक, एटीएम, चेकबुक और खाते से जुड़े मोबाइल नंबर की जानकारी उस व्यक्ति को सौंप दी थी.
दूसरे मामले में IDBI Bank के खाताधारक सुनील साहू (25), निवासी ग्राम त्रिपुरेश्वरपुर, थाना रामानुजनगर, को पकड़ा गया. पुलिस के अनुसार, उसके खाते में ₹53 हजार के साइबर फ्रॉड का लेनदेन प्रमाणित हुआ. पूछताछ में उसने बताया कि Telegram पर मिले लिंक के जरिए QR code से खाते में रकम मंगाई और बाद में उसे दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर किया.
पुलिस ने लोगों से क्या कहा
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में BNS की धारा 317(4), 318(2) और 61(2)(ए) के तहत अपराध दर्ज किए गए हैं. एसपी सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर एएसपी योगेश देवांगन और सीएसपी विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि थोड़े पैसों के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम, पासबुक, चेकबुक या खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर किसी अनजान व्यक्ति को न दें. ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध में होने पर खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है.
