सूरजपुर जिले में मरीजों को उनके घर के पास चिकित्सा परामर्श और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘डॉक्टर आपके द्वार’ एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है. सेवा का शुभारंभ जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया.
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लटोरी में तत्काल सर्वसुविधायुक्त एंबुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की. उन्होंने जिला अस्पताल में आधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर स्थापित करने और आगामी समय में 220 बिस्तरीय अस्पताल के लिए आवश्यक भवन व सेटअप उपलब्ध कराने की बात भी कही.
यह कार्यक्रम रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किया गया. इस दौरान जिला चिकित्सालय की अटल आरोग्य लैब में 136 प्रकार की निःशुल्क जांचों की सुविधा को मरीजों के लिए महत्वपूर्ण बताया गया. मंत्री ने आयुष्मान कार्ड निर्माण में सूरजपुर जिले के प्रथम स्थान प्राप्त करने का भी उल्लेख किया और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का भरोसा दिलाया.
दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान विकासखंड सूरजपुर के कमलपुर में करीब 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया गया. इसके अलावा विकासखंड भैयाथान के चंद्रमेढ़ा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के कार्यों का भी उद्घाटन हुआ. इन केंद्रों से संबंधित क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों को समय पर जांच, उपचार और पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है. कार्यक्रम में वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, कलेक्टर रेना जमील और अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे.
