छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के विश्रामपुर क्षेत्र में महिला शिक्षक रजनी बरेट और उनके 18 वर्षीय बेटे सुजल बरेट की हत्या के मामले में आरोपी की पत्नी सरिता लकड़ा ने पति को फांसी देने की मांग की है. सरिता ने प्रशासन से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाते हुए दावा किया कि आरोपी ने हत्या से करीब 15 दिन पहले उनकी जानकारी के बिना एक करोड़ रुपये का बीमा कराया था. उनका कहना है कि वह खुद आरोपी का अगला निशाना हो सकती थीं.
सरिता और रजनी दोनों बेलटिकरी स्कूल में शिक्षक थीं. सरिता ने बताया कि घटना वाली रात आरोपी ने पेंड्रा जाने की बात कहकर उन्हें गुमराह किया था. हत्याकांड की जानकारी उन्हें बाद में पुलिस के जरिए मिली. उन्होंने आरोपी से संबंध खत्म करने की बात भी कही है.
पुलिस के मुताबिक ऐसे सामने आया मामला
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर की सुबह जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 से जुड़ी ग्रामीण सड़क के किनारे एक युवक का शव मिला था. उसकी पहचान विश्रामपुर के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं के छात्र सुजल बरेट के रूप में हुई. बाद में पुलिस जब उसके घर पहुंची, तो मकान बंद मिला. रिश्तेदारों की मौजूदगी में ताला खुलवाने पर बाथरूम में उसकी मां रजनी का शव मिला.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद सरिता के पति परवेश कुमार उर्फ प्रवेश कुमार को अंबिकापुर से हिरासत में लिया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की. उसके अनुसार, 9 अक्टूबर को उसने रजनी से पैसे उधार मांगे थे. पैसे नहीं मिलने पर उसने रजनी की गला दबाकर हत्या कर दी.
पुलिस के मुताबिक, रजनी का बेटा उस समय ट्यूशन गया था. लौटने के बाद आरोपी उसे कार में बैठाकर ले गया और बाद में राईं जंगल में उसकी हत्या कर शव महावीरपुर में फेंक दिया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल, आभूषण और अन्य सामान बरामद करने की बात कही है.
सरिता ने आरोपी के आर्थिक संकट, उसके कारोबार पर लिए गए 20 लाख रुपये के कर्ज और रजनी के साथ संभावित संबंधों को लेकर भी दावे किए हैं. इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है. सूरजपुर एसपी योगेश पटेल के अनुसार, मामले में सरिता की कोई भूमिका नहीं पाई गई है.
