छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र में बकरा-बकरी चोरी के मामलों की जांच कर रही पुलिस ने गिरोह से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले गांवों में रेकी करते थे और रात में घरों में घुसकर बकरा-बकरियों के मुंह पर प्लास्टिक टेप लगा देते थे, ताकि वे आवाज न कर सकें. इसके बाद मवेशियों को कार में भरकर ले जाते थे.

पुलिस के अनुसार, ग्राम करवा निवासी मोहम्मद मुस्लिम अंसारी ने 6 नवंबर को शिकायत दी थी कि 1-2 नवंबर की रात उनके घर का दरवाजा तोड़कर दो बकरे और दो बकरियां चोरी की गईं. इसी तरह ग्राम जगतपुर निवासी सुरेश कुमार कुशवाहा ने 23 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई कि 20-21 नवंबर की रात तीन बकरे और दो बकरियां चोरी हुईं. दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था.

24 नवंबर को सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने सोनवाही जंगल के पास सीतापुर की ओर से आ रही सफेद सियाज कार को रोका. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में कार सवारों ने करवा और जगतपुर की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया. उनके बताए आधार पर ग्राम रायकेरा टोकापारा के नुरुल्लाह खान को भी पकड़ा गया. पुलिस के मुताबिक, उसने चोरी के दो बकरे खरीदने की बात स्वीकार की.

जांच में वाहन मालिक अजीत पैकरा पर आरोपियों को हर रात 7 हजार रुपये में कार देने की बात सामने आई. पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से सियाज कार, लोहे का रॉड, पेचकस, प्लास्टिक टेप और दो बकरे बरामद किए गए हैं.

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने पांच स्थानों पर चोरी की बात कबूल की है. इनमें लटोरी और खड़गवां चौकी क्षेत्र के दो-दो तथा सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र का एक स्थान शामिल है. मामले में संगठित अपराध से संबंधित धारा भी जोड़ी गई है.