सूरजपुर के बहुचर्चित मां-बेटी हत्याकांड में मृत्युदंड पाने वाले कुलदीप साहू, चंद्रकांत चौधरी उर्फ सीके और फूल सिंह उर्फ टिंकू को रायपुर केंद्रीय जेल स्थानांतरित कर दिया गया है. छत्तीसगढ़ में फांसी देने की व्यवस्था रायपुर केंद्रीय जेल में ही है. हालांकि, जेल पहुंचने का मतलब सजा पर तत्काल अमल नहीं है.

13 अक्टूबर 2024 को हवलदार की पत्नी और बेटी की हत्या के मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 8 अक्टूबर 2026 को तीनों को मृत्युदंड सुनाया था. जेल अधीक्षक योगेश क्षत्री के मुताबिक, सजा की पुष्टि के लिए मामले के रिकॉर्ड हाईकोर्ट भेजे जाएंगे और आगे की कार्रवाई अदालत के फैसले के आधार पर होगी.

मृत्युदंड पर अमल से पहले लंबी कानूनी प्रक्रिया

सेशन कोर्ट से मृत्युदंड सुनाए जाने के बाद मामले की हाईकोर्ट से अनिवार्य पुष्टि होती है. हाईकोर्ट सजा बरकरार रख सकता है, उसे कम कर सकता है या दोषसिद्धि को रद्द कर सकता है. पुष्टि होने के बाद दोषी सुप्रीम कोर्ट में अपील या विशेष अनुमति याचिका दाखिल कर सकते हैं. इसके बाद समीक्षा और निर्धारित शर्तों के तहत क्यूरेटिव याचिका का विकल्प भी रहता है.

संवैधानिक स्तर पर राज्यपाल के समक्ष अनुच्छेद 161 और राष्ट्रपति के समक्ष अनुच्छेद 72 के तहत दया याचिका दायर की जा सकती है. इन विकल्पों और निर्धारित कानूनी शर्तों के निपटारे के बाद ही संबंधित अदालत फांसी का वारंट जारी कर सकती है.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ में पिछले 12 वर्षों में छह दोषियों को मृत्युदंड सुनाया गया, लेकिन किसी की सजा पर अमल नहीं हुआ. राज्य में आखिरी फांसी 1978 में बैजू उर्फ रामभरोसा को रायपुर केंद्रीय जेल में दी गई थी. 2008 में सोनू सरदार को मिली मृत्युदंड की सजा बाद में आजीवन कारावास में बदल दी गई थी.