छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सड़क हादसे के बाद बिगड़ी कानून-व्यवस्था की स्थिति को संभालने में कथित देरी और प्रशासनिक लापरवाही के मामले में नायब तहसीलदार करमचंद जाटवर को निलंबित किया गया है. सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया.
करमचंद जाटवर बिहारपुर में प्रभारी तहसीलदार के पद पर तैनात थे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई शिकायत और जांच प्रतिवेदन के आधार पर की गई. जांच में प्रशासनिक शिथिलता और कर्तव्य के प्रति उदासीनता पाए जाने का उल्लेख है. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पटवारी प्रशिक्षण शाला, अंबिकापुर निर्धारित किया गया है.
17 अक्टूबर को हुआ था हादसा
17 अक्टूबर को चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुबेरपुर में स्कूटी सवार चंद्रावती जायसवाल को गिट्टी लदे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी थी. हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया था.
महिला की मौत के बाद ग्रामीणों ने बस्ती से क्रशर हटाने और परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया. बाद में ट्रैक्टर और पाठक क्रशर में आगजनी की घटना भी हुई.
स्थिति संभालने पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम में शामिल बिहारपुर तहसीलदार, एसडीओपी और थाना प्रभारी लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता को ग्रामीणों ने कथित तौर पर बंधक बना लिया था.
घटना के बाद मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ग्रामीणों पर हुई कार्रवाई को लेकर पुलिस-प्रशासन पर सवाल उठाए थे. उन्होंने क्रशर की वैधता, हादसे के जिम्मेदार चालक पर कार्रवाई और ग्रामीणों के खिलाफ दर्ज मामलों की निष्पक्षता को लेकर आपत्ति जताई थी.
