सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र के सरहरी गांव के कोड़ाकूपारा में गुरुवार रात एक घर के भीतर आयोजित प्रार्थना सभा को लेकर विवाद हो गया. ग्रामीणों ने बाहर से आए कुछ लोगों पर कोड़ाकू जनजाति के लोगों का कथित रूप से मतांतरण कराने की कोशिश का आरोप लगाया है. मामले में प्रतापपुर थाने में लिखित शिकायत दी गई है और पुलिस जांच कर रही है.
ग्रामीणों की शिकायत के अनुसार, रात करीब आठ बजे एक घर में सरपंच की अनुमति के बिना प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी. शिकायत में कहा गया है कि वहां गाने बजाए जा रहे थे और एक धर्म विशेष से जुड़ी पुस्तकों का अध्ययन कराया जा रहा था. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इसी दौरान कोड़ाकू समुदाय के कुछ लोगों का मतांतरण कराने का प्रयास किया जा रहा था.
जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे. शिकायत के मुताबिक, घर का दरवाजा अंदर से बंद था और काफी देर बाद खोला गया. इसके बाद ग्रामीणों ने सभा बंद करने को कहा. इस दौरान वहां मौजूद लोगों और ग्रामीणों के बीच विवाद होने की बात शिकायत में कही गई है. ग्रामीणों ने गाली-गलौज और मारपीट के प्रयास का भी आरोप लगाया है.
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने धर्म विशेष से जुड़ी कुछ पुस्तकें अपने पास रख लीं और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को थाने ले गई.
प्रतापपुर थाना प्रभारी दिनेश पुरैना के अनुसार, ग्रामीणों की लिखित शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी. अभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
