छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के आमगांव में सिंचाई पंप चोरी के संदेह में ग्रामीणों द्वारा चाचा-भतीजे के साथ मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है.
जानकारी के अनुसार, आमगांव निवासी बिगन सिंह गोंड़ के सुतिया नाला से लगे खेत में सिंचाई के लिए लगाया गया पंप 9 अक्टूबर को चोरी हो गया था. पंप की तलाश के दौरान कोट गांव निवासी रनसाय ने बताया कि एक ग्रामीण और उसके भतीजे ने उसे तीन हजार रुपये में पंप बेचा था. रनसाय के अनुसार, इसके लिए उसने एक हजार रुपये का भुगतान किया था. बाद में दिखाए गए पंप की पहचान चोरी हुए पंप के रूप में किए जाने का दावा किया गया.
इसके बाद गुरुवार शाम कुछ ग्रामीण युवकों ने दोनों को पकड़ लिया. स्रोत के अनुसार, उन्हें अर्द्धनग्न कर जूतों की माला पहनाई गई और गांव में घुमाया गया. इस दौरान थप्पड़ मारने, छड़ी से पीटने और गाली-गलौज करने के दृश्य वीडियो में दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में कुछ महिलाओं की आवाजें भी सुनाई देती हैं.
वीडियो में दोनों से पंप चोरी और उसे बेचने की बात कहलवाते हुए भी दिखाया गया है. हालांकि, यह कथित स्वीकारोक्ति किन परिस्थितियों में कराई गई, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
रामानुजनगर थाना प्रभारी विराट बीसी ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाया जा रहा है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन के अनुसार, घटना की तस्दीक की जा रही है और दोनों पक्षों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. पुलिस के मुताबिक, अभी तक किसी पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है.
