छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में साड़ी खरीदने के बहाने कपड़ा दुकान और गोदाम से चोरी करने के आरोप में पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के बारां जिले की 10 महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से करीब 36,000 रुपये मूल्य की साड़ियां बरामद की गई हैं.

मामला करवां गांव का है. पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर की शाम लटोरी-करवां मार्ग स्थित कपड़ा दुकान पर दो कारों से कुछ महिलाएं पहुंचीं. उन्होंने दुकानदार को अलग-अलग साड़ियां दिखाने में व्यस्त रखा. इसी दौरान दुकान और उससे जुड़े गोदाम से साड़ियों के कई बंडल चोरी किए गए. वारदात के बाद सभी आरोपी कारों से वहां से चले गए.

स्टॉक मिलाने पर सामने आई चोरी

महिलाओं के जाने के बाद दुकानदार ने दुकान और गोदाम में रखे सामान का मिलान किया. इस दौरान साड़ियों के कई बंडल गायब मिले. चोरी की कीमत करीब 36,000 रुपये बताई गई है. इसके बाद दुकानदार ने लटोरी चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की.

जांच के दौरान पुलिस को बनारस रोड के किनारे तंबू लगाकर रह रहे कुछ संदिग्ध लोगों की सूचना मिली. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तंबू की घेराबंदी की और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद आरोपियों के पास से चोरी की साड़ियां बरामद हुईं. इसके बाद राजस्थान के बारां जिले के 10 महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.