छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिक्षिका और उनके 18 वर्षीय बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने प्रवेश कुमार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 19 लाख रुपये के लालच में वारदात को अंजाम दिया. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को जयनगर थाना क्षेत्र में महावीरपुर-कालीघाट रोड के पास मुख्य मार्ग से करीब 25 मीटर दूर सुजल बरेठ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था. उसी दौरान केशवनगर स्थित घर से उनकी मां रजनी बरेठ का शव बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
पुलिस के मुताबिक ऐसे सामने आया मामला
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और एक कार के नंबर के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की बात कही है. पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह ऑटो पार्ट्स का काम करता है और आर्थिक तंगी से परेशान था. उसकी पत्नी और रजनी बरेठ एक ही स्कूल में पदस्थ थीं. आरोपी को कथित तौर पर जानकारी मिली थी कि रजनी ने 19 लाख रुपये का लोन लिया है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी रुपये मांगने रजनी के घर पहुंचा था. विवाद के दौरान उसने स्टील की बोतल से उनके सिर पर हमला किया और बाद में बाथरूम में गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद राज खुलने के डर से उसने उनके बेटे सुजल को भी निशाना बनाया.
पुलिस का कहना है कि आरोपी सुजल को मां के उसके घर पर होने की बात कहकर कार में ले गया. रास्ते में खाने-पीने के बाद उसे राई जंगल ले जाया गया, जहां सीमेंट के खंभे के टुकड़े से सिर पर वार किया गया.
पुलिस ने आरोपी के ससुराल, अंबिकापुर से रजनी का मोबाइल, घर से जुड़े कागजात और जेवर बरामद किए हैं. वारदात में इस्तेमाल कार, स्टील की बोतल और सीमेंट के टुकड़े को भी जब्त किया गया है.
