छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की चपेट में आने से 13 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई. हादसा केशवनगर इलाके में हुआ, जहां छात्रा स्कूल से अपने पिता के साथ घर लौट रही थी.

रिपोर्ट के अनुसार, छात्रा रिद्धिमा कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल, बिश्रामपुर में पढ़ती थी. वह स्कूल में आयोजित पैरेंट्स मीटिंग में शामिल होने के बाद पिता के साथ वापस जा रही थी. इसी दौरान गिट्टी ढो रहे एक ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना गंभीर था कि छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई.

बताया गया है कि ट्रैक्टर चालक सड़क पर ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान वाहन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में शोक का माहौल बन गया.

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की आगे जांच की जा रही है. पुलिस जांच में हादसे की परिस्थितियों और चालक की लापरवाही से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट किया जाएगा.