सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में 26 हाथियों का दल 20 दिनों से अधिक समय से डेरा जमाए हुए है. शाम ढलते ही हाथी जंगल से निकलकर खेतों और उदयपुर-केदमा मार्ग की ओर पहुंच जाते हैं. इसके चलते मार्ग पर कई बार आवागमन रोकना पड़ रहा है.
हाथियों की गतिविधि उदयपुर से लगे करमकठरा जंगल से लक्ष्मणगढ़ तक करीब 10 किलोमीटर के क्षेत्र में बताई गई है. दल में हाथियों के बच्चे भी शामिल हैं, इसलिए झुंड की गति धीमी है और वह इसी वन क्षेत्र के आसपास बना हुआ है. जंगल में चारा-पानी और खेतों में खड़ी फसल होने से हाथियों के यहां से आगे बढ़ने की स्थिति नहीं बनी है.
वन विभाग के अनुसार, हाथी शाम के बाद छोटे समूहों में बंटकर खेतों में घुसते हैं. वे धान सहित अन्य फसलों को खाकर और पैरों से कुचलकर नुकसान पहुंचा रहे हैं. सुबह सूर्योदय से पहले झुंड फिर जंगल की ओर लौट जाता है. रामनगर और आसपास के गांवों में कई एकड़ फसल प्रभावित होने की बात सामने आई है.
वन विभाग ने निगरानी के लिए अलग-अलग टीमें तैनात की हैं, लेकिन फसल नुकसान पूरी तरह नहीं रुक पाया है. ग्रामीणों को शाम से पहले घर लौटना पड़ रहा है, जबकि किसान रात में खेतों की रखवाली कर रहे हैं.
