छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सोमवार रात सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है. हादसा बतौली थाना क्षेत्र के झरगवा मोड़ के पास हुआ, जहां बाइक सड़क किनारे खड़ी खराब ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई.
पुलिस के अनुसार, अजय कुमार प्रधान (24), मुन्ना राम (23) और राजमोहन (24) सिलसिला स्थित कुदरगढ़ी एलुमिना फैक्ट्री में दूसरी पाली की ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से बतौली की ओर लौट रहे थे. बाइक मुन्ना राम चला रहा था.
बताया गया कि ट्रैक्टर में पंचर होने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वाहन के पास दुर्घटना से बचाव के लिए कोई चेतावनी संकेत या सावधानी बोर्ड नहीं लगाया गया था और ट्रैक्टर-ट्रॉली की लाइट भी नहीं जल रही थी. अंधेरे में बाइक सवारों को वाहन दिखाई नहीं दिया और उनकी जोरदार टक्कर हो गई.
टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. मुन्ना राम की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और स्थानीय लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचाया. इलाज के दौरान अजय कुमार प्रधान ने भी दम तोड़ दिया.
राजमोहन को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है. हादसे के संबंध में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. मामले की जांच जारी है.
