उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में ठंड ने फिर जोर पकड़ लिया है. बादल छंटने के बाद उत्तर भारत से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. रात के साथ अब सुबह और शाम भी ठिठुरन बढ़ गई है.

सोमवार को अंबिकापुर शहर का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रविवार को यह 12.9 डिग्री सेल्सियस था. यानी 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे आया. मौसम विभाग के अनुसार, मौसम साफ रहने और उत्तरी हवाओं के प्रभावी होने पर तापमान में आगे भी गिरावट आ सकती है.

पाट क्षेत्रों में शाम होते ही सन्नाटा

सरगुजा संभाग के मैनपाट, सामरीपाट, जोकापाट और सोनहत जैसे पाट क्षेत्रों में ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है. यहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. शाम ढलते ही सर्द हवाओं के कारण सड़कों पर आवाजाही कम होने लगी है और रातें पहले की तुलना में अधिक ठंडी हो गई हैं.

इन इलाकों में ओस की बूंदें जमने से सुबह ठिठुरन और बढ़ रही है. चक्रवाती तूफान का असर समाप्त होने के बाद मौसम साफ हुआ है, जिसके साथ उत्तरी हवाओं का प्रवेश तेज हुआ. इसी वजह से तापमान में गिरावट का दौर जारी रहने की संभावना है.

बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी की सलाह

मौसम में बदलाव और बढ़ती ठंड का असर स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है. बच्चों और बुजुर्गों में सर्दी-खांसी तथा मौसमी बीमारियों की शिकायतें बढ़ रही हैं. सरगुजा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने लोगों से ठंड से बचाव करने और स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की अपील की है.