छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लक्ष्मणगढ़ जंगल में करंट लगने से सात वर्षीय मादा हथिनी की मौत के मामले में वन विभाग ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. रेंजर फेंकू चौबे के अनुसार, सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.
हथिनी का शव उदयपुर वन परिक्षेत्र में करीब तीन दिन पहले मिला था. इसके बाद वन विभाग की टीम ने जांच शुरू की और लगभग 12 संदिग्धों से पूछताछ की. जांच में सामने आया कि फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेतों के आसपास तार बिछाकर उसमें बिजली का करंट प्रवाहित किया जा रहा था.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखरीभंडार गांव निवासी जगमोहन मंझवार (41), भरोस मंझवार (41), पारस मंझवार (41), बुधराम मंझवार (41) और रतनराम मंझवार (37) के रूप में हुई है.
रात में तार जोड़कर सुबह हटाने का आरोप
जांच के मुताबिक, घटनास्थल से करीब 700 मीटर दूर गन्ने की बाड़ी में बिजली के खंभे से तार जोड़ा जाता था. भरोस मंझवार पर शाम सात से आठ बजे के बीच तार जोड़ने और सुबह करीब चार बजे उसे हटाने का आरोप है. घटना वाले दिन जगमोहन मंझवार अपने खेत से घटनास्थल तक करंट वाला तार ले गया था. हथिनी उसी तार की चपेट में आ गई.
वन विभाग के अनुसार, मौत के बाद रतनराम, बुधराम और पारस ने तार निकालकर स्टॉप डैम में फेंक दिया था. विभाग ने इसे घटना के सबूत मिटाने की कोशिश बताया है.
