छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने सरगुजा जिले के क्रांतिप्रकाशपुर में मकान को सरकारी जमीन पर बना बताकर जारी किया गया अतिक्रमण हटाने का नोटिस निरस्त कर दिया है. अदालत ने कहा कि निर्धारित जांच और सुनवाई का अवसर दिए बिना किसी जमीन को सरकारी बताकर कार्रवाई का निर्देश नहीं दिया जा सकता. हालांकि, सक्षम अधिकारियों को कानून के अनुसार दोबारा जांच कर आगे कार्रवाई करने की छूट दी गई है.
यह आदेश न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकलपीठ ने मनीष अग्रवाल और दीपक अग्रवाल की याचिका पर दिया. मामले के अनुसार, क्रांतिप्रकाशपुर स्थित खसरा नंबर 127/8 और 128/18 की कुल 0.0160 हेक्टेयर जमीन मनीष अग्रवाल के नाम दर्ज थी. उन्होंने 27 जून 2023 को पंजीकृत दानपत्र के जरिए जमीन अपने छोटे भाई दीपक अग्रवाल को दे दी. इसके बाद राजस्व अभिलेखों में दीपक का नाम दर्ज किया गया.
याचिका में बताया गया कि ग्राम पंचायत की अनुमति के बाद जमीन का व्यावसायिक प्रयोजन के लिए परिवर्तन कराया गया और वहां मकान बनाया गया. दीपक अपने परिवार के साथ इसी मकान में रह रहे हैं.
4 नवंबर 2026 को जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी ने मनीष अग्रवाल को नोटिस जारी कर जमीन को सरकारी बताते हुए सात दिन के भीतर मकान हटाने का निर्देश दिया था. नोटिस में छत्तीसगढ़ सिंचाई अधिनियम, 1931 की धारा 94 का उल्लेख करते हुए अनुपालन न होने पर बलपूर्वक कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी.
दीपक अग्रवाल ने 5 नवंबर को जवाब देकर स्वामित्व परिवर्तन की जानकारी दी और सीमांकन कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की. हाई कोर्ट में राज्य शासन ने भी स्वीकार किया कि मामले में निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच नहीं हुई थी.
जांच और सुनवाई जरूरी
अदालत ने छत्तीसगढ़ सिंचाई नियम, 1974 के नियम 245, 246, 247 और 253 का उल्लेख किया. कोर्ट के अनुसार, पहले सक्षम अधिकारी से जांच, अपराध प्रतिवेदन और संबंधित पक्ष को दस्तावेज व आपत्तियां रखने का अवसर जरूरी है. इसके बाद ही सक्षम अधिकारी आदेश पारित कर सकता है.
हाई कोर्ट ने 4 नवंबर का नोटिस रद्द करते हुए अधिकारियों को उचित जांच के बाद नियमानुसार निर्णय लेने की अनुमति दी.
