छत्तीसगढ़ के सूरजपुर और सरगुजा जिले में पिछले छह महीनों में 19 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग ने अभियान शुरू किया है. हाथी इस समय उदयपुर क्षेत्र के सायर जंगल में मौजूद बताया जा रहा है. उसे ट्रैंकुलाइज कर रमकोला रेस्क्यू सेंटर भेजने की योजना है.

अभियान के लिए रमकोला से दो प्रशिक्षित कुमकी हाथी उदयपुर लाए गए हैं. बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया की टीम भी पहुंची है. वन विभाग के अधिकारी और विशेषज्ञ कुमकी हाथियों के साथ सायर जंगल के लिए रवाना हुए हैं.

दो महिलाओं पर हमला, एक की मौत

वन विभाग के अनुसार, बुधवार रात हाथी प्रेमनगर वन परिक्षेत्र के उमेश्वरपुर और श्यामपुर पहुंचा था. वहां उसने 45 वर्षीय दिलासो को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. इसके बाद गुरुवार को उदयपुर वन परिक्षेत्र के झिरमिटी में घर से बाहर निकली 70 वर्षीय अंतीबाई पर हमला किया गया. उनकी भी मौत हो गई. इसी गांव में एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हुई है.

हाथी की मौजूदगी को देखते हुए सायर, कुदर, बसवार और आसपास के गांवों के करीब एक दर्जन स्कूलों में शुक्रवार को छुट्टी की गई. लोगों को जंगल और हाथी की गतिविधि वाले इलाकों में जाने से रोका जा रहा है. वन विभाग ड्रोन से उसकी लोकेशन पर नजर रख रहा है और इलाके की घेराबंदी की गई है.

सीसीएफ वाइल्ड लाइफ सरगुजा डॉ. प्रणव मिश्रा के मुताबिक, पहले हाथी को रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति मिली थी, लेकिन उसके आक्रामक व्यवहार के कारण अब उसे पकड़कर रेस्क्यू सेंटर में रखने की योजना बनाई गई है. व्यवहार में सुधार आने पर उसे नजदीकी जंगल में छोड़ने की बात कही गई है. पहले लगाए गए कुछ रेडियो कॉलर हाथियों के गिर जाने या उनके निकाल देने की जानकारी भी दी गई है.