सरगुजा में बाबा कार्तिक उरांव के जन्मदिवस और जन्मशताब्दी समारोह के अवसर पर प्रदेश के पहले कार्तिक उरांव चौक का उद्घाटन किया गया. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बारिश के कारण सरगुजा नहीं पहुंच सके और वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने बाबा कार्तिक उरांव की प्रतिमा का अनावरण भी किया.

मुख्यमंत्री ने शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज डिगमा का नाम बदलकर ‘अभियंता बाबा कार्तिक उरांव छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी’ करने की घोषणा की. साय ने कहा कि जनजातीय समाज और क्षेत्रीय सांसद ने कॉलेज का नाम बाबा कार्तिक उरांव के नाम पर रखने की मांग की थी. सरकार ने जनजातीय समाज की भावनाओं और बाबा कार्तिक उरांव के योगदान को ध्यान में रखते हुए यह मांग स्वीकार की है.

साय ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव जनजातीय समाज की परंपराओं, रीति-रिवाजों और संस्कृति को उसकी पहचान मानते थे. उनके अनुसार, इन परंपराओं को सुरक्षित रखते हुए समाज को शिक्षा, तकनीक और विकास के अवसरों से जोड़ना जरूरी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव के विचार आज भी प्रासंगिक हैं.

जनजातीय विकास मंत्री रामविचार नेताम ने उन्हें महान जननायक, विचारक और दूरदर्शी नेता बताया. अन्य वक्ताओं ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, अधिकारों और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और जनजातीय समुदाय के लोग शामिल हुए. बारिश के बीच समुदाय के लोगों ने रैली निकालकर पारंपरिक कला-संस्कृति का प्रदर्शन किया.

सड़क और भवन परियोजनाओं का शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने सीतापुर शहरी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सोनतराई से सूर तक 3.82 किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण का वर्चुअल शिलान्यास किया. वन टाइम इम्प्रूवमेंट के तहत बनने वाली इस फोरलेन सड़क पर 28.41 करोड़ रुपये खर्च होंगे. उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण भी किया.