छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने जा रही एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना लुंड्रा थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने मामले में तीन बालिग आरोपियों और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है.
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर की रात दो नाबालिग छात्राएं पैदल आर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने जा रही थीं. रास्ते में बाइक और स्कूटी सवार चार युवकों ने दोनों को कार्यक्रम स्थल तक छोड़ने की बात कही. इसके बाद एक छात्रा बाइक और दूसरी स्कूटी पर बैठ गई.
पुलिस का कहना है कि बाइक पर बैठी छात्रा को लुंड्रा पहुंचा दिया गया, लेकिन स्कूटी पर बैठी छात्रा को कार्यक्रम स्थल ले जाने के बजाय एक सुनसान जगह पर ले जाया गया. आरोप है कि वहां आरोपी ने अपने साथियों को बुलाया और चारों ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी. परिजनों ने अगले दिन लुंड्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की. पुलिस ने अगासी से तीन आरोपियों को पकड़ा, जबकि चौथे आरोपी को देर रात गिरफ्तार किया गया.
पुलिस ने वाहन जब्त किए
सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल स्कूटी और मोटरसाइकिल जब्त की गई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में सुनील कुमार नागेश (19), मंगल राम (24), शैलेन्द्र लकड़ा (29) और एक नाबालिग शामिल है.
नाबालिग आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जबकि तीनों बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए अदालत में पेश किया गया. मामले की जांच जारी है.
