छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के पोड़ीखुर्द डैम में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान हर्ष कश्यप के रूप में हुई है. वह अपने दोस्तों के साथ डैम पहुंचा था.
जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर से चार दोस्त दो बाइक पर सवार होकर ग्राम पंचायत पोड़ीखुर्द स्थित डैम में नहाने गए थे. इसी दौरान हर्ष कश्यप गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसे संकट में देखकर उसके तीनों दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन वे उसे बाहर नहीं निकाल सके.
घटना की सूचना मिलने के बाद दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की. डैम में पानी की गहराई अधिक होने के कारण पुलिस को शव तत्काल नहीं मिल सका. इसके बाद SDRF की टीम को बुलाया गया.
SDRF ने घटनास्थल पर तलाशी अभियान चलाया और काफी प्रयास के बाद हर्ष कश्यप का शव पानी से बाहर निकाला. घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है. दरिमा पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
