चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से उत्तर छत्तीसगढ़ में मौसम बदल गया है. सरगुजा संभाग के कई इलाकों में बुधवार दोपहर बाद बारिश शुरू हुई और शाम तक इसकी तीव्रता बढ़ गई. खराब मौसम और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए संभाग के पांच जिलों में स्कूलों में एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है.

छुट्टी सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिलों के स्कूलों में रहेगी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सरगुजा, बलरामपुर और सूरजपुर के जिला शिक्षा अधिकारियों ने स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए हैं.

पांच जिलों के लिए अलग-अलग अलर्ट

मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को सरगुजा और बलरामपुर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. वहीं सूरजपुर, कोरिया और एमसीबी के लिए ऑरेंज अलर्ट है. विभाग ने कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

मौसम में बदलाव मंगलवार से ही दिखाई देने लगा था. बुधवार सुबह संभाग में घने बादल छाए रहे और दोपहर बाद कई क्षेत्रों में बारिश होने लगी. विभाग ने बुधवार देर रात और गुरुवार को भी बारिश के साथ तेज हवाओं का अनुमान जताया है.

प्रशासन ने जारी किए सतर्कता निर्देश

सरगुजा जिला प्रशासन ने अधिकारियों और मैदानी अमले को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. मौसम की स्थिति पर प्रशासनिक स्तर से निगरानी की जा रही है. लोगों को भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर को भी संभाग में कई स्थानों पर बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके बाद मौसम का असर कम होने की संभावना है. मौसम साफ होने के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंड बढ़ने का अनुमान है.