छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पटाखा मुंह में फटने से दो साल के बच्चे की मौत हो गई. हादसा 9 नवंबर की सुबह सीतापुर थाना क्षेत्र के नवापारा गांव में हुआ. मृतक की पहचान आदित्य मांझी के रूप में हुई है.

पुलिस के अनुसार, बच्चे के आसपास कुछ अन्य बच्चे ‘लहसुन’ आकार वाले पॉप-पॉप पटाखे चला रहे थे. इसी दौरान आदित्य ने जमीन पर पड़ा एक छोटा पैकेट उठाकर मुंह में डाल लिया. पटाखा अंदर फटने से उसके मसूड़ों में चोट लगी और खून बहने लगा. परिवार के सदस्यों ने बताया कि हादसे के समय उन्होंने यह नहीं देखा कि बच्चे ने कौन-सा पटाखा मुंह में रखा था. वहां मौजूद अन्य बच्चों ने उन्हें घटना की जानकारी दी.

परिजन 9 नवंबर को बच्चे को सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. रक्तस्राव रुकने के बाद उसे घर लाया गया, लेकिन अगले दिन फिर खून बहने लगा. इसके बाद 11 नवंबर की दोपहर उसे अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसी रात उसकी मौत हो गई.

पुलिस ने आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की है. पोस्टमार्टम में बच्चे के गले के अंदर पटाखे के अवशेष मिलने की बात परिवार ने बताई है. मामले की जांच जारी है.