छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पटाखा मुंह में फटने से दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. घटना सीतापुर थाना क्षेत्र के नवापारा गांव में 9 नवंबर की सुबह हुई. पुलिस के अनुसार, बच्चा अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था, जो ‘लहसुन’ नाम से पहचाने जाने वाले पॉप-पॉप पटाखे चला रहे थे. इसी दौरान आदित्य ने जमीन से एक छोटा पैकेट उठाकर मुंह में डाल लिया.

परिजनों के मुताबिक, पटाखा मुंह के अंदर फटने से उसके मसूड़ों में चोट लगी और खून बहने लगा. उसे पहले सीतापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. रक्तस्राव कुछ समय रुकने के बाद परिवार बच्चे को घर ले आया, लेकिन अगले दिन फिर खून बहने लगा. हालत बिगड़ने पर उसे अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 11 नवंबर की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पुलिस ने आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमॉर्टम के दौरान बच्चे के गले में पटाखे के अवशेष मिलने की बात परिजनों ने बताई. ‘लहसुन’ पटाखे दबाव या जमीन पर पटकने से फटने के लिए बनाए जाते हैं.