बिलासपुर जिले के तखतपुर स्थित माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल में पार्टनर बनाने के नाम पर 15 लाख रुपए लेने और रकम वापस नहीं करने का मामला सामने आया है. शिकायतकर्ता जनार्दन देवांगन ने स्कूल संचालक पर निवेश के बदले तय अधिकार और मुनाफे में हिस्सा नहीं देने का आरोप लगाया है. मामला एसपी और सीएम हेल्पलाइन तक पहुंच गया है.

देवांगन के अनुसार, करीब दो साल पहले वे अपने बच्चों का एडमिशन कराने स्कूल गए थे. इस दौरान संचालक अभय शर्मा, प्रिंसिपल सृष्टि गुप्ता और वाइस प्रिंसिपल सारिका कश्यप ने उन्हें स्कूल में पार्टनर बनने का प्रस्ताव दिया. उन्हें सालाना 4 से 5 लाख रुपए कमाई का भरोसा दिया गया. इसके बाद उन्होंने किस्तों में 15 लाख रुपए दिए.

शिकायतकर्ता का कहना है कि एग्रीमेंट के बावजूद उन्हें स्कूल संचालन का अधिकार नहीं मिला और न ही मुनाफे में हिस्सा दिया गया. उन्होंने स्कूल की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए. देवांगन के मुताबिक, एक ही हॉल में कई कक्षाएं संचालित होने और शिक्षकों को वेतन नहीं मिलने की जानकारी के बाद उन्होंने अपने बच्चों का एडमिशन दूसरे स्कूल में करा दिया.

एसपी और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत

देवांगन ने रकम वापस मांगी. उनके अनुसार, स्कूल संचालक ने 30 जून तक भुगतान करने का वादा किया था, लेकिन रकम वापस नहीं की गई. इसके बाद उन्होंने एसपी और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की. उनका आरोप है कि शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई और उन्हें टालमटोल का सामना करना पड़ा. उन्होंने इसी तरह के एक अन्य मामले में दर्ज एफआईआर की प्रति भी शिकायत के साथ लगाने की बात कही है.

स्कूल संचालक अभय शर्मा ने 15 लाख रुपए किस्तों में लेने की बात स्वीकार की है. उनका कहना है कि रकम लौटाने के लिए समय मांगा गया है. शर्मा ने पलटकर आरोप लगाया कि साझेदार बनने के बाद देवांगन ने शिक्षकों को तय तारीख पर वेतन नहीं दिया और एडमिशन बढ़ाने में सहयोग नहीं किया. उनके अनुसार, देवांगन के कार्यकाल में सात शिक्षकों ने नौकरी छोड़ी. शर्मा ने यह भी बताया कि एफआईआर के लिए दिए गए आवेदन के संबंध में देवांगन का बयान एसडीओपी कोटा के समक्ष दर्ज हुआ है.