छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में मूक-बधिर युवती से दुष्कर्म के मामले में विशेष पॉक्सो अदालत ने विमल कुमार नट (19) को दोषी ठहराया है. तृतीय फास्ट ट्रैक विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) अनिता ध्रुव की अदालत ने उसे 10 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई.
अदालत ने दोषी पर 500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है. अर्थदंड जमा नहीं करने पर उसे एक महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा. पीड़िता की मानसिक और शारीरिक पीड़ा को ध्यान में रखते हुए अदालत ने 4 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश भी जारी किया है.
14 अक्टूबर 2025 की घटना
अभियोजन के अनुसार, 14 अक्टूबर 2025 की शाम पीड़िता बाजार गई थी. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान वह बैकुंठ (टंडवा) पानी टंकी के पास विमल कुमार नट के साथ मिली.
अभियोजन का कहना था कि आरोपित ने पीड़िता की शारीरिक अक्षमता का फायदा उठाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए. मामले में विशेष लोक अभियोजक विमला तांडी ने अदालत के सामने साक्ष्य और दलीलें पेश कीं.
बचाव पक्ष ने आरोपों को झूठा बताया, लेकिन अदालत ने मेडिकल रिपोर्ट और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषसिद्धि की. फैसला सुनाए जाने के बाद दोषी को जेल भेज दिया गया.
