छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर छात्रावासों और आश्रमों में रहने वाले बच्चों के मेस भत्ते में बढ़ोतरी की मांग की है. पत्र में उन्होंने कहा है कि पिछले तीन साल से भोजन और नाश्ते के लिए तय राशि में वृद्धि नहीं हुई, जबकि इस अवधि में दाल, चावल, खाद्य तेल, सब्जियों, मसालों और ईंधन की कीमतें बढ़ी हैं.

सिंहदेव के मुताबिक, मौजूदा राशि में बच्चों को सुबह का नाश्ता और दोनों समय पौष्टिक व संतुलित भोजन उपलब्ध कराना मुश्किल हो रहा है. उन्होंने कहा कि इसका असर बच्चों के स्वास्थ्य, शारीरिक विकास और पढ़ाई पर पड़ सकता है. यह मांग अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के बच्चों के छात्रावासों और आश्रमों के संदर्भ में उठाई गई है.

HMS पोर्टल से बजट कटौती पर आपत्ति

पत्र में HMS पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति के आधार पर मेस बजट में कटौती का मुद्दा भी उठाया गया है. सिंहदेव ने कहा कि किसी विद्यार्थी की एक-दो दिन की अनुपस्थिति पर राशि घटा दी जाती है, जबकि सामूहिक रसोई में गैस, मसालों और रसोइयों का खर्च लगभग स्थिर रहता है. उन्होंने न्यूनतम 24 दिन की उपस्थिति पर पूरा मेस बजट स्वीकृत करने का सुझाव दिया है.

अधीक्षकों के लिए अलग आवास की मांग

सिंहदेव ने छात्रावास अधीक्षकों की 24 घंटे की ड्यूटी और परिवार के साथ रहने की सुविधा नहीं होने का उल्लेख किया. उन्होंने छात्रावास परिसर से अलग अधीक्षकों के परिवारों के लिए आवासीय भवन बनाने की मांग की है.

इसके अलावा उन्होंने बर्तन, सफाई सामग्री, प्राथमिक उपचार और आकस्मिक खर्च के लिए बजट बढ़ाने, ऑनलाइन उपस्थिति के लिए कंप्यूटर व इंटरनेट उपलब्ध कराने, शिक्षक संवर्ग के प्रभारी अधीक्षकों को TSK ऐप की अनिवार्यता से छूट देने और अधीक्षक संवर्ग के कैडर पुनर्गठन का सुझाव दिया.