छत्तीसगढ़ के उदंती-सीतानदी अभ्यारण्य से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-130C पर रात में सभी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है. अभ्यारण्य प्रशासन के फैसले के मुताबिक, शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक इंदागांव और तौरेंगा बैरियर पर वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा. यह प्रतिबंध अभ्यारण्य क्षेत्र में आने वाले करीब 30 किलोमीटर लंबे हाईवे हिस्से पर लागू रहेगा.
प्रशासन के अनुसार, हाईकोर्ट के निर्देश के बाद पिछले करीब एक साल से रात में यातायात प्रतिबंधित था. पहले यात्री बसों और निजी वाहनों को छूट दी गई थी, लेकिन अब यह छूट भी खत्म कर दी गई है. मेडिकल या जीवन-मरण से जुड़ी आपात स्थिति में वाहनों को जाने की अनुमति दी जाएगी.
कैमरों से होगी निगरानी
दोनों बैरियर पर नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कैमरों से निगरानी बढ़ाई गई है. बैरियर की ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी की जा रही है, ताकि नियम तोड़ने और किसी विवाद की स्थिति पर नजर रखी जा सके.
अभ्यारण्य के उपनिदेशक वरुण जैन ने प्रतिबंध लागू होने की पुष्टि की. उनके अनुसार, पिछले छह महीनों में भालू, तेंदुए समेत अन्य वन्यजीवों और इंसानों के बीच संघर्ष की गंभीर घटनाएं सामने आई हैं. मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है.
इस फैसले का असर रायपुर-देवभोग मार्ग पर आने-जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा. शाम 7 बजे के बाद चलने वाली पांच से अधिक यात्री बसों और रात में लौटने वाले नौकरीपेशा लोगों को अब वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करना होगा.
