छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले स्थित उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में मालाबार पाइड हॉर्नबिल यानी मालाबार धनेश का कुनबा बढ़ा है. रिजर्व की उत्तर उदंती रेंज में इस पक्षी की मौजूदगी दर्ज होने के बाद अब आठ में से छह रेंजों में इसका विस्तार हो गया है.
वन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2022 तक मालाबार धनेश की मौजूदगी मुख्य रूप से कुल्हाड़ीघाट रेंज तक सीमित थी. पिछले चार वर्षों में दक्षिण उदंती, अरसीकन्हार, तौरेंगा और इंदागांव रेंज में भी इसकी सक्रियता दर्ज की गई. कुल्हाड़ीघाट और दक्षिण उदंती में यह पक्षी सामान्य रूप से दिखाई देता है, जबकि उत्तर उदंती में इसकी हालिया पुष्टि हुई है.
संरक्षण के लिए उठाए गए कदम
रिजर्व प्रबंधन ने करीब 1,000 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है. वन्यजीव अपराधों पर कार्रवाई के तहत 500 से अधिक शिकारियों और तस्करों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है.
पक्षियों के लिए ‘हॉर्नबिल रेस्टोरेंट’ पहल के तहत जंगल में फलदार वृक्षों के कुंज विकसित किए जा रहे हैं. स्थानीय ग्रामीणों को जोड़कर ‘हॉर्नबिल सफारी’ के जरिए प्रकृति आधारित रोजगार को बढ़ावा देने की भी कोशिश की जा रही है.
मालाबार धनेश को ‘जंगल का किसान’ कहा जाता है, क्योंकि यह फलों के बीजों को दूर तक फैलाकर प्राकृतिक वन पुनर्जीवन में योगदान देता है.
