आम आदमी पार्टी (AAP) छत्तीसगढ़ के पूर्व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी में शामिल हो गए हैं. पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष अमित बघेल और छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अजय यादव ने उनका स्वागत किया.

जायसवाल ने सदस्यता लेने के बाद इसे अपने राजनीतिक जीवन की नई शुरुआत बताया. उन्होंने कहा कि वह छत्तीसगढ़ की माटी, प्रदेश के अधिकारों और जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर आगे भी काम करते रहेंगे.

AAP नेताओं से नाराजगी से इनकार

जायसवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के किसी नेता से उनकी व्यक्तिगत नाराजगी नहीं है. उनके अनुसार, पार्टी में रहते हुए उन्होंने अपने साथियों से बहुत कुछ सीखा और उनके प्रति सम्मान रखते हैं.

हालांकि, उन्होंने अरविंद केजरीवाल के छत्तीसगढ़ को लेकर रुख पर असंतोष जताया. जायसवाल ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि केजरीवाल प्रदेश के मुद्दों को लेकर अधिक गंभीरता दिखाएंगे. उनके मुताबिक, इसी कारण उन्होंने अपने राजनीतिक सफर को नए सिरे से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया.

प्रदेश के मुद्दों पर काम करने का दावा

जायसवाल ने कहा कि वह अब अमित बघेल और अजय यादव के नेतृत्व में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी में काम करेंगे. उन्होंने छत्तीसगढ़ की अस्मिता, अधिकारों और प्रदेश की जनता के हितों के प्रश्नों को मजबूती से उठाने की बात कही.

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वह लोगों के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे.