चक्रवाती तूफान अकवान के असर से हुई बारिश ने उत्तर छत्तीसगढ़ में खेती-किसानी को नुकसान पहुंचाया है. सरगुजा के मैनपाट और बलरामपुर जिले के सामरी क्षेत्र में टाउ की फसल सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है. इन इलाकों में टाउ किसानों की प्रमुख नकदी फसल मानी जाती है.
बारिश के दौरान सैकड़ों एकड़ में तैयार टाउ के पौधे गिर गए. किसानों के अनुसार, पौधों के गिरने के बाद उनमें दाने नहीं आते. इससे उत्पादन में करीब 80 प्रतिशत तक नुकसान का अनुमान जताया जा रहा है. हालांकि, अंतिम नुकसान का आकलन फसल और खेतवार सर्वे के बाद ही स्पष्ट होगा.
देर से बोई गई कोदो और मेझरी जैसी मोटे अनाज की फसलों को भी नुकसान हुआ है. बारिश के कारण धान की कटाई रुक गई है और धान खरीदी भी प्रभावित हुई है. काटकर रखी गई धान की फसल के भीगने से खराब होने का खतरा है. खेत में खड़ी फसल को सूखने में चार से पांच दिन लग सकते हैं. मौसम अनुकूल रहा तो सप्ताह के अंत तक कटाई फिर शुरू होने की संभावना है.
मंगलवार से मौसम साफ होने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को उत्तर छत्तीसगढ़ में बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है. अकवान के कमजोर पड़ने के बाद मंगलवार से मौसम साफ होना शुरू हो सकता है.
बादलों के कारण उत्तरी सर्द हवाएं थमने से अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान बढ़ा है. सोमवार को यहां न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इससे पहले यह 19 डिग्री तक पहुंच गया था. तूफान के असर से पहले अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. मौसम साफ होने के साथ तापमान में फिर गिरावट और ठंड की वापसी का अनुमान है.
