मालखरौदा स्थित शासकीय वेदराम कॉलेज की ओर से चार दिवसीय बस्तर शैक्षणिक भ्रमण कराया गया. भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक और अनुभव आधारित शिक्षा देना था. इसमें स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं के करीब 130 छात्र-छात्राएं शामिल हुए. कॉलेज के 10 कार्यालयीन सदस्यों ने भी दल के साथ सहभागिता की.
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने बस्तर के घने जंगल, पहाड़ियां, नदियां, जलप्रपात और हरियाली से भरी वादियों को नजदीक से देखा. चित्रकोट जलप्रपात की विशाल जलधारा दल के लिए प्रमुख आकर्षण रही. तीरथगढ़ जलप्रपात की सीढ़ीनुमा प्राकृतिक बनावट ने विद्यार्थियों को प्रभावित किया, जबकि तामड़ा घूमर जलप्रपात के दृश्यों का भी उन्होंने अवलोकन किया. इस दौरान विद्यार्थियों ने बस्तर की भौगोलिक बनावट और प्राकृतिक संपदा को समझने का प्रयास किया.
कार्यक्रम में दंतेश्वरी मंदिर, बस्तर के नारायण मंदिर, लामनी पार्क और जगदलपुर स्थित विष्णु मंदिर का भ्रमण भी शामिल रहा. विद्यार्थियों को इन स्थलों के जरिए धार्मिक परंपराओं, ऐतिहासिक संदर्भों और सांस्कृतिक विरासत की जानकारी दी गई.
भ्रमण के क्रम में रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा का शैक्षणिक अवलोकन कराया गया. दल ने इंद्रावती भवन, जंगल सफारी, मुक्तांगन और आदिवासी संग्रहालय का भी भ्रमण किया.
