छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रही है. साय ने राहुल गांधी से देश की जनता और चुनाव आयोग से माफी मांगने को कहा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग के ताजा स्पष्टीकरण से आयोग के भीतर मतभेद होने संबंधी कांग्रेस के दावों की पुष्टि नहीं होती. आयोग के अनुसार, SIR से जुड़े फैसले तीनों चुनाव आयुक्तों की सर्वसम्मति से लिए गए हैं और 26 सितंबर की प्रेस नोट को पूर्ण आयोग की मंजूरी मिली थी.

हालांकि, कांग्रेस ने आयोग के इस स्पष्टीकरण को खारिज किया है. पार्टी ने आयोग की निष्पक्षता और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना जारी रखा है.

साय ने कहा कि कांग्रेस चुनाव हारने पर EVM और चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है. उनके मुताबिक, आयोग के सर्वसम्मत स्पष्टीकरण के बाद कांग्रेस नेतृत्व को देश और संवैधानिक संस्थाओं से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी पहले माफी मांग चुके हैं, लेकिन बाद में इसी तरह के बयान देते रहे हैं.

कैबिनेट सचिव को लिखे पत्र से जुड़े सवाल पर साय ने कहा कि वह SIR या किसी नीतिगत विषय से संबंधित नहीं, बल्कि सामान्य प्रशासनिक मामला था. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग राष्ट्रपति के प्रति जवाबदेह है, इसलिए नीतिगत मामलों में कैबिनेट सचिव को पत्र लिखने का सवाल नहीं उठता. पत्रकार वार्ता में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद संतोष पांडेय और नवीन मार्कंडेय मौजूद रहे.