छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व छत्तीसगढ़ प्रभारी स्मृति ईरानी से मुलाकात की. दोनों बैठकों में राज्य के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सुशासन से जुड़ी पहलों पर चर्चा हुई.
नितिन नवीन से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों और रोजगार के अवसरों की जानकारी साझा की. उन्होंने बस्तर समेत छत्तीसगढ़ के सभी क्षेत्रों में विकास को गति देने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की. बैठक में प्रदेश के विकास और संगठन से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हुआ.
स्मृति ईरानी के साथ बैठक में बस्तर के विकास पर विशेष चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन, रोजगार और आजीविका से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है.
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तीकरण, युवाओं के कौशल विकास और रोजगार, किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि आधारित गतिविधियों से जुड़ी योजनाओं की भी जानकारी दी. आदिवासी समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका संबंधी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास विकास योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाना है.
